Gujarat News: अमेरिका के प्रतिष्ठित संस्थान ग्लोबल ह्यूमन सोसाइटी ने वन्यजीव संरक्षण के असाधारण काम के लिए अनंत अंबानी को सम्मानित किया है। वंतारा (Vantara) के संस्थापक अनंत अंबानी को ‘ग्लोबल ह्यूमैनिटेरियन’ पुरस्कार से नवाजा गया है। यह बड़ा सम्मान हासिल करने वाले वह एशिया के पहले व्यक्ति बन गए हैं। जामनगर, गुजरात में स्थित उनके प्रोजेक्ट वंतारा को वैश्विक मंच पर बड़ी पहचान मिली है। वंतारा दुनियाभर के उन जानवरों के लिए सबसे सुरक्षित ठिकाना बन चुका है, जिनका अस्तित्व खतरे में है।
वनतारा का वैश्विक विजन और पहचान
अनंत अंबानी के नेतृत्व में वंतारा दुनियाभर से संकटग्रस्त जानवरों को बचाने का काम कर रहा है। यहां अलग-अलग प्रजातियों के जानवरों को लाया जाता है और उनकी देखभाल की जाती है। ग्लोबल ह्यूमन सोसाइटी की सीईओ डॉ. रॉबिन ने अनंत अंबानी की पहल की जमकर सराहना की। डॉ. रॉबिन के अनुसार, वंतारा को ग्लोबल ह्यूमन सर्टिफिकेट भी मिल चुका है। यह सर्टिफिकेट वंतारा में जानवरों की उत्कृष्ट देखभाल को दर्शाता है।
एक बचाव केंद्र से बढ़कर है वंतारा
डॉ. रॉबिन ने कहा कि वंतारा सिर्फ एक बचाव केंद्र नहीं है। यह आधुनिक युग में जानवरों की देखभाल का एक शानदार उदाहरण है। अनंत अंबानी की दरियादिली और महत्वाकांक्षा ने एक नई मिसाल कायम की है। संस्था के अनुसार, अनंत अंबानी का विजन जानवरों को गरिमा के साथ जीने का अधिकार दिलाता है। अमेरिकन ग्लोबल ह्यूमन सोसाइटी 1977 से जानवरों के हितों के लिए काम कर रही है।
सम्मान पर अनंत अंबानी का वक्तव्य
ग्लोबल ह्यूमैनिटेरियन पुरस्कार स्वीकार करते हुए अनंत अंबानी ने सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके लिए यह ‘सर्व भूत हित:’ के शाश्वत सिद्धांत पर आधारित है, जिसका अर्थ है सभी प्राणियों का कल्याण। अनंत अंबानी ने कहा कि जानवर हमें मानवता और विश्वास के बीच सामंजस्य स्थापित करने की सीख देते हैं। वंतारा का लक्ष्य सेवा भाव से सभी जीवों को देखभाल और उम्मीद देना है। उनके अनुसार, वन्यजीव संरक्षण कल के लिए नहीं, बल्कि आज के लिए भी उतना ही जरूरी है।
