Taiwan News: ताइवान से एक बहुत ही रहस्यमयी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। वहां की वायुसेना का एक ताकतवर F-16 फाइटर जेट अचानक आसमान से गायब हो गया है। इस घटना के बाद ताइवान ने तत्काल प्रभाव से अपने सभी F-16 लड़ाकू विमानों की उड़ानों पर रोक लगा दी है। विमान के साथ उसका पायलट भी लापता है। इस हादसे ने अमेरिका की भी चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि F-16 एक अमेरिकी जेट है। सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या यह महज एक हादसा है या इसके पीछे चीन (China) की कोई चाल है?
कैसे गायब हुआ फाइटर जेट?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना मंगलवार रात की है। ताइवान के ह्वालिएन एयर बेस से एक अमेरिकी F-16 जेट ने नाइट ट्रेनिंग के लिए उड़ान भरी थी। यह विमान अन्य लड़ाकू विमानों के साथ एक ग्रुप में उड़ रहा था। जैसे ही सभी जेट बादलों के बीच घुसे, यह F-16 अपने समूह से अलग हो गया। रडार पर देखा गया कि विमान बहुत तेजी से नीचे गिरने लगा। जब संपर्क टूटा, तब विमान की ऊंचाई सिर्फ 1,700 फीट बची थी।
पायलट के बारे में क्या खबर है?
ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि लापता पायलट का नाम कैप्टन हसिन पो-यी है। अधिकारियों का कहना है कि गायब होने से ठीक पहले पायलट ने विमान से बाहर निकलने (इजेक्ट) का संकेत दिया था। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि वह समय रहते बाहर निकल पाए या नहीं। सेना और नौसेना की टीमें लगातार उनकी तलाश कर रही हैं। खराब मौसम और समंदर की ऊंची लहरें रेस्क्यू ऑपरेशन में बड़ी बाधा बन रही हैं।
क्या चीन का हाथ है या तकनीकी खराबी?
ताइवान और चीन (China) के बीच तनाव किसी से छिपा नहीं है। ऐसे में विमान के गायब होते ही शक की सुई चीन की तरफ भी घूमने लगी थी। हालांकि, वायुसेना के अधिकारियों ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अलग ही जानकारी दी है। शुरुआती जांच में पता चला है कि विमान के मेन कंप्यूटर सिस्टम में खराबी आ गई थी। इस वजह से पायलट को स्क्रीन पर फ्लाइट का रास्ता दिखना बंद हो गया था। रात के अंधेरे और बादलों के बीच यह स्थिति किसी भी पायलट के लिए जानलेवा होती है।
सारे F-16 विमान हुए ग्राउंड
इस हादसे को गंभीरता से लेते हुए ताइवान ने अपने करीब 140 F-16 लड़ाकू विमानों के बेड़े को ग्राउंड कर दिया है। इसका मतलब है कि जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, कोई भी F-16 विमान उड़ान नहीं भरेगा। ताइवान ने अपने सभी ट्रेनिंग मिशन भी रोक दिए हैं। आपको बता दें कि जनवरी 2022 में भी ताइवान का एक F-16 इसी तरह ट्रेनिंग के दौरान क्रैश हुआ था। हाल ही में चीन के सैन्य अभ्यास के कारण ताइवान की वायुसेना पर काम का दबाव भी काफी बढ़ गया है।

