Washington News: अमेरिका हमेशा से पाकिस्तान को अपना करीबी मानता रहा है। लेकिन अब दो बड़े नेताओं की गोपनीय बातचीत लीक हुई है। इसमें रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अमेरिका को बहुत पहले ही आगाह कर दिया था। पुतिन ने पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति जॉर्ज बुश को बताया था कि पाकिस्तान चोरी-छिपे ईरान को परमाणु सामग्री दे रहा है। यह जानकारी मिलते ही बुश सन्न रह गए थे।
पाकिस्तान की बदमाशी पर गोपनीय चर्चा
नेशनल सिक्योरिटी आर्काइव ने हाल ही में कुछ पुराने रिकॉर्ड जारी किए हैं। इसमें साल 2005 की एक सीक्रेट मीटिंग का जिक्र है। ओवल ऑफिस में पुतिन ने बुश को पाकिस्तान के खिलाफ सबूत दिए थे। उन्होंने बताया था कि ईरानी सेंट्रीफ्यूज में मिला यूरेनियम सीधा पाकिस्तान से जुड़ा है। यह इस बात का सबूत था कि इस्लामाबाद का परमाणु नेटवर्क अवैध रूप से काम कर रहा था।
खबर सुनकर घबरा गए थे बुश
पुतिन का खुलासा सुनकर जॉर्ज बुश हैरान रह गए थे। उन्होंने इसे नियमों का बड़ा उल्लंघन बताया था। बुश ने कहा कि इस खबर से अमेरिका में घबराहट है। इस पर पुतिन ने तुरंत जवाब दिया कि “हमारे बारे में भी सोचिए।” उनका इशारा था कि पाकिस्तान की यह हरकत रूस के लिए भी खतरा है। बुश ने माना कि उन्होंने इस मुद्दे पर परवेज मुशर्रफ से बात की थी। ए.क्यू. खान नेटवर्क पकड़े जाने के बाद ही खान को नजरबंद किया गया था।
नाटो और चीन पर भी हुई थी बात
पुतिन ने पाकिस्तान को ‘परमाणु हथियारों वाला जुंटा’ तक कह दिया था। उन्होंने पश्चिमी देशों के ढीले रवैये पर नाराजगी जताई थी। पुतिन ने यूक्रेन युद्ध से दशकों पहले ही नाटो के विस्तार पर चेतावनी दे दी थी। वहीं, दोनों नेताओं ने चीन को भी बड़ी चुनौती माना था। बुश ने साफ कहा था कि चीन भविष्य में अमेरिका और रूस दोनों के लिए एक बड़ा संकट बनेगा।
