Washington News: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीबी सहयोगी चार्ली कर्क की बुधवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना यूटा वैली विश्वविद्यालय में घटी जहां कर्क एक कंजर्वेटिव छात्र सभा को संबोधित कर रहे थे। ट्रंप ने स्वयं इस घटना की पुष्टि की है।
31 वर्षीय चार्ली कर्क टर्निंग पॉइंट यूएसए के संस्थापक थे। वह अपना संबोधन देने के 20 मिनट बाद ही गोली का शिकार हुए। एक वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे गोली चलने के बाद कर्क नीचे गिर पड़े। प्रारंभिक रिपोर्ट्स के अनुसार उन्हें गर्दन में गोली लगी थी।
ट्रंप ने जताया शोक
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक्स पर जारी बयान में कहा कि चार्ली कर्क का निधन हो गया है। उन्होंने कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका में युवाओं के दिल को चार्ली से बेहतर कोई नहीं समझ सकता था। ट्रंप ने कर्क की पत्नी एरिका और परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।
अमेरिकी झंडे को झुकाने का आदेश
व्हाइट हाउस ने बताया कि राष्ट्रपति ट्रंप ने चार्ली कर्क के सम्मान में पूरे अमेरिका में सभी अमेरिकी झंडों को आधा झुकाने का आदेश दिया है। यह घटना उस समय हुई जब कर्क बंदूक हिंसा पर बात कर रहे थे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि गोली की आवाज पास की इमारत से आई थी।
वैली विश्वविद्यालय के प्रवक्ता ने कहा कि घटना की तुरंत जांच शुरू कर दी गई है। स्थानीय प्रशासन ने परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी है। इस घटना ने पूरे अमेरिका में सदमे की लहर दौड़ा दी है। चार्ली कर्क युवा रिपब्लिकन नेताओं में प्रमुख व्यक्ति माने जाते थे।
