Uttar Pradesh News: भाजपा नेता संगीत सोम ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। उन्होंने अखिलेश को ‘मुगल काल का आखिरी शासक’ करार दिया है। सोम ने यह बयान मुजफ्फरनगर में दिया। वह यहां एक महिला की हत्या के बाद उसके पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे थे। सोम ने कहा कि समाजवादी पार्टी अब दोबारा सत्ता में नहीं लौटेगी।
पीड़ित परिवार को दिया मदद का भरोसा
संगीत सोम रविवार को मुजफ्फरनगर पहुंचे थे। उन्होंने मृतका ममता विश्वकर्मा की बुजुर्ग सास, बीमार पति और चार बेटियों से मुलाकात की। भाजपा नेता ने परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में राजनीति नहीं होनी चाहिए। अपराधी को सख्त से सख्त सजा और पीड़ित को न्याय मिलना चाहिए।
‘जाति की राजनीति करती है सपा’
सोम ने समाजवादी पार्टी पर समाज को बांटने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा केवल जातियों के नाम पर लोगों को लड़ती है। उन्होंने सवाल उठाया कि छोटी-छोटी बातों पर धरना देने वाली सपा इस जघन्य हत्याकांड पर चुप क्यों है? वे यहां धरना देने क्यों नहीं आए? सोम ने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव का शासन खत्म हो चुका है।
चाय में नींद की गोली मिलाकर हत्या
इस मामले में पुलिस ने मृतका के प्रेमी संदीप को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। आरोपी संदीप को शक था कि ममता किसी और से बात करती है। इसी शक में उसने ममता को चाय में नींद की गोलियां दीं। बेहोश होने पर उसने ममता का गला घोंट दिया।
सीसीटीवी ने खोला खौफनाक राज
हत्या के बाद आरोपी ने ममता के मुंह पर प्लास्टिक टेप चिपका दिया था। उसने शव को ठिकाने लगाने के लिए एक रेहड़ी का इस्तेमाल किया। वह शव को रेहड़ी पर रखकर गंग नहर किनारे ले गया और झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज मिला है। इसमें आरोपी रेहड़ी पर चादर से ढका शव ले जाता दिख रहा है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल रेहड़ी और अन्य सामान बरामद कर लिया है।

