Cricket News: टीम इंडिया के स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा के लिए टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सफर अब तक बेहद निराशाजनक रहा है। वह लगातार तीन मैचों में शून्य पर आउट हुए हैं और उनके बल्ले से कोई बड़ी पारी नहीं निकली है। लेकिन हैरानी की बात यह है कि वर्ल्ड कप से पहले उनके दमदार प्रदर्शन का असर अब भी आईसीसी की ताजा टी20 रैंकिंग में देखने को मिल रहा है। अभिषेक ने भले ही रन न बनाए हों, लेकिन वह अब भी टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में नंबर-1 पर बने हुए हैं।
आईसीसी ने बुधवार 25 फरवरी को ताजा रैंकिंग जारी की, जिसमें टी20 वर्ल्ड कप के मुकाबलों का असर साफ दिख रहा है। अभिषेक शर्मा की नंबर-1 पोजिशन तो बरकरार है, लेकिन उनकी रेटिंग में भारी गिरावट आई है। उनके 877 रेटिंग प्वाइंट्स हो गए हैं, लेकिन फिर भी वह दूसरे नंबर के फिल सॉल्ट (815) से काफी आगे हैं।
ईशान किशन को बड़ा फायदा, तिलक वर्मा को नुकसान
वर्ल्ड कप में धमाकेदार बल्लेबाजी करने वाले ईशान किशन ने 3 स्थान की छलांग लगाते हुए पांचवां स्थान हासिल कर लिया है। उन्होंने कप्तान सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा दोनों को पीछे छोड़ दिया है। सूर्या अपने छठे स्थान पर बरकरार हैं, जबकि तिलक वर्मा को दो स्थान का नुकसान हुआ है और वह सातवें पायदान पर आ गए हैं।
वहीं पाकिस्तान के ओपनर साहिबजादा फरहान को दो स्थान का फायदा हुआ है और वह तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। साउथ अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस ने 10 स्थान की छलांग लगाते हुए 9वीं रैंक हासिल की है।
बुमराह का टॉप-10 में धमाकेदार प्रवेश
गेंदबाजों की रैंकिंग की बात करें तो वरुण चक्रवर्ती साउथ अफ्रीका के खिलाफ खराब मैच के बावजूद नंबर-1 पर बने हुए हैं। लेकिन सबसे बड़ी खबर जसप्रीत बुमराह के टॉप-10 में एंट्री की है। बुमराह ने 7 स्थान की छलांग लगाते हुए 8वीं रैंक हासिल कर ली है। उन्हें साउथ अफ्रीका के खिलाफ 4 विकेट लेने का बड़ा फायदा मिला है।
साउथ अफ्रीका के कॉर्बिन बॉश ने 21 स्थान की छलांग के साथ तीसरा स्थान हासिल कर सबको चौंका दिया है। वेस्टइंडीज के मैथ्यू फोर्ड ने भी 23 स्थान की बड़ी जंप के साथ 7वीं रैंक पर जगह बनाई है।
