Aaj ka Itihas, 3 September: देश-दुनिया के इतिहास में 03 सितंबर की तारीख तमाम अहम वजह से दर्ज है। इस तारीख का खास महत्व राजाओं के खेल पोलो से भी है। दुनिया का पहला पोलो मैच 03 सितंबर, 1875 को खेला गया था। अर्जेंटाइन ओपन पोलो टूर्नामेंट में खेले गए इस मैच को पहला आधिकारिक पोलो मैच माना जाता है।
पोलो दुनिया का सबसे पुराना टीम स्पोर्ट है। इसका इतिहास 2000 साल से भी ज्यादा पुराना है। भारत में पोलो को आधुनिक रूप में लाने का श्रेय मुगलों को जाता है। ब्रिटिश काल में प्रसिद्ध ब्रिटिश कप्तान रॉबर्ट स्टीवर्ट पोलो का अंग्रेजी रूप लेकर आए। ब्रिटिश शासकों ने असम के सिलचर में पोलो क्लब की स्थापना की।
हालांकि मणिपुर और मंगोल जाति के लोग इससे पहले से ही पोलो खेलते थे। इसी वजह से मणिपुर को पोलो का जन्मस्थान माना जाता है। ‘सागो कांगजेई’ नामक एक पारंपरिक मणिपुरी खेल को आधुनिक पोलो का जन्मदाता माना जाता है। 1892 में भारत में इंडियन पोलो एसोसिएशन की स्थापना हुई। उस समय अलग-अलग रियासतों की अपनी पोलो टीम थी।इनमें जयपुर, भोपाल, अलवर, बीकानेर और हैदराबाद की टीम मुख्य थीं। आजादी के बाद भी पोलो भारत में खेला जाता रहा। 1957 में भारतीय पोलो टीम ने फ्रांस में वर्ल्ड चैंपियनशिप का खिताब भी अपने नाम किया था।
महत्वपूर्ण घटनाचक्र
1783ः अमेरिका और ब्रिटेन के बीच पेरिस की संधि के साथ क्रांतिकारी युद्ध समाप्त।
1833ः अमेरिका में पहला सफल समाचार पत्र ‘न्यूयार्क सन’ का बेंजामिन एच डे ने प्रकाशन शुरू किया।
1939: ब्रिटिश प्रधानमंत्री नेविल चेम्बरलिन ने एक रेडियो प्रसारण के दौरान फ्रांस के साथ मिलकर जर्मनी के खिलाफ युद्ध छेड़ने की घोषणा की। इसके साथ ही द्वितीय विश्व युद्ध शुरू हो गया। हालांकि इसकी शुरुआत एक सिंतबर से ही हो गई थी।
1943: दूसरे विश्व युद्ध के दौरान मित्र राष्ट्रों ने इटली पर हमला किया।
1971ः कतर स्वतंत्र राष्ट्र बना।
1984ः दक्षिण फिलिपींस में तूफान। करीब 1300 लोगों की मौत।
1998: नेल्सन मंडेला के गुट निरपेक्ष आंदोलन शिखर सम्मेलन में कश्मीर का मुद्दा उठाए जाने पर प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने कड़ी आपत्ति व्यक्त की।
2003: पाकिस्तान सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो पर देशद्रोह का मुकदमा चलाने का फैसला किया।
2006: भारतीय मूल के भरत जगदेव ने गुयाना के राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली।
2006ः यूरोप का पहला त्रिवर्षीय चंद्र मिशन समाप्त।
2007ः चीन के झिंगजियांग प्रान्त में चीन और जर्मनी के विशेषज्ञों ने लगभग 16 करोड़ साल पुराने जीव के 17 दांत खोजने का दावा किया।
2008ः राजेंद्र कुमार पचौरी को संयुक्त राष्ट्र की संस्था जलवायु परिवर्तन के अंतर सरकारी पैनल (आईपीसीसी) का दोबारा प्रमुख चुना गया।
2009ः आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस रेड्डी की हेलीकाप्टर दुर्घटना में मौत की पुष्टि।
2014ः भारत और पाकिस्तान में बाढ़ से दो सौ से ज्यादा लोगों की मौत।
2015: ऑस्ट्रेलिया में क्रिस नाम की एक भेड़ से 40 किलोग्राम ऊन निकाला गया। यह एक भेड़ से एक साथ सबसे ज्यादा ऊन निकालने का वर्ल्ड रिकॉर्ड है।
जन्म
1905ः भारतीय राजनीतिज्ञ, लेखक, पत्रकार और स्वतंत्रता सेनानी कमलापति त्रिपाठी।
1923: तबला वादक पंडित किशन महाराज।
1926ः हिंदी और बांग्ला फिल्मों के अभिनेता उत्तम कुमार।
1957ः विश्व प्रसिद्ध रहस्यवादी और भारतीय मूल के योगी जग्गी वासुदेव।
1940ः हिंदी सिनेमा के प्रसिद्ध संगीतकार प्यारेलाल। लक्ष्मीकांत के साथ इनकी जोड़ी ने यादगार संगीत दिया है है।
1971ः भारतीय मूल की अंग्रेजी उपन्यासकार किरण देसाई।
1992ः भारत की प्रसिद्ध महिला पहलवान साक्षी मलिक।