Aaj ka Itihas, 21 November: आज पूरी दुनिया में ‘विश्व टेलीविजन दिवस’ मनाया जा रहा है। आज ही के दिन 21 नवंबर 1966 को संयुक्त राष्ट्र ने प्रथम विश्व टेलीविजन फोरम का आयोजन किया था। ‘विश्व टेलीविजन दिवस’ के मौके पर आइए एक नजर डालते हैं टेलीविजन के इतिहास पर। आज टीवी का जो रूप हम देखते हैं वह शुरुआती दौर में जो था उससे बिल्कुल अलग था। उस समय इलेक्ट्रॉनिक टीवी की जगह मैकेनिकल टीवी बनाया गया था। वर्ष 1922 में स्कॉटिश वैज्ञानिक जॉन लोगी बेयर्ड और अमेरिकी आविष्कारक चार्ल्स फ्रांसिस जेनकिंस द्वारा बनाये गये टेलीविजन को दुनिया का पहला सफल टेलीविजन माना गया, लेकिन यह भी यांत्रिक प्रकृति का था। बाद में साल 1925 तक फिलो टेलर फार्नस्वर्थ नाम के वैज्ञानिक पहला इलेक्ट्रॉनिक टीवी बनाने में सफल रहे। फिलो द्वारा बनाया गया उपकरण इलेक्ट्रॉन किरण की मदद से चलती हुई छवि को कैप्चर करने में सफल रहा। फिर टेलीविजन के स्वरूप में लगातार बदलाव होता गया और वर्ष 2008 से स्मार्ट टीवी दुनिया भर में लोकप्रिय हो गया।
आज के इतिहास का दूसरा हिस्सा भारत के ‘पहले डाक टिकट’ से जुड़ा है। आज ही के दिन 21 नवंबर 1947 को भारत सरकार ने अपना पहला डाक टिकट जारी किया था। इस डाक टिकट पर ‘जय हिंद’ के नारे के साथ टिकट के बीच में लहराते तिरंगे की तस्वीर छपी हुई थी. इस डाक टिकट की कीमत साढ़े तीन आने थी। हालाँकि यह डाक टिकट महज़ कागज का एक छोटा सा टुकड़ा था, लेकिन असल में यह इतिहास के पन्नों पर आज़ाद भारत का पहला हस्ताक्षर था, जो पूरी दुनिया के सामने भारत की जीत का ऐलान कर रहा था।
आज के इतिहास का तीसरा और आखिरी हिस्सा प्रख्यात भारतीय वैज्ञानिक सर चन्द्रशेखर वेंकट रमन (सीवी रमन) से जुड़ा है। सीवी रमन का निधन आज ही के दिन 21 नवंबर 1970 को हुआ था। आपको बता दें कि सीवी रमन नोबेल पुरस्कार जीतने वाले पहले एशियाई वैज्ञानिक थे। उन्हें यह पुरस्कार प्रकाश की क्वांटम प्रकृति के साक्ष्य की खोज के लिए दिया गया था, उनकी इस खोज को ‘रमन प्रभाव’ के नाम से भी जाना जाता है।
देश-दुनिया में 21 नवंबर का इतिहास
1517: दिल्ली के शासक सिकन्दर लोधी द्वितीय की मृत्यु।
1872: कवि एवं स्वतंत्रता सेनानी केसरी सिंह बारहट का जन्म।
1921: प्रिंस ऑफ वेल्स (जिन्हें बाद में किंग एडवर्ड अष्टम के नाम से जाना गया) बंबई पहुंचे और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने पूरे देश में हड़ताल कर दी।
1939: समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का जन्म।
1941: गुजरात की पहली महिला मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल का जन्म।
1947: आजादी के बाद साढ़े तीन आने मूल्य का पहला भारतीय डाक टिकट ‘जय हिंद’ जारी किया गया।
1962: भारत-चीन सीमा विवाद में चीन ने युद्धविराम की घोषणा की।
1963: केरल के थुम्बा क्षेत्र से पहले रॉकेट के प्रक्षेपण के साथ भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
1970: भारतीय भौतिक विज्ञानी सी. वी. रमन का निधन।
2005: रत्नासिरी विक्रमनायके दूसरी बार श्रीलंका के प्रधानमंत्री बने।
2019: महिंदा राजपक्षे ने तीसरी बार श्रीलंका के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली।
2019: स्वीडन की 17 वर्षीय पर्यावरण कार्यकर्ता ग्रेटा थुनबर्ग को जलवायु परिवर्तन के खिलाफ उनकी लड़ाई के लिए अंतर्राष्ट्रीय बाल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
2021: मशहूर पंजाबी गायक गुरमीत बावा का 77 साल की उम्र में निधन।