Washington News: मध्य पूर्व में जारी तनाव अब एक खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। ईरान और अमेरिका-इजराइल के बीच युद्ध की आग लगातार फैलती जा रही है। जहां एक तरफ तेहरान पर बमबारी हो रही है, वहीं दूसरी तरफ ईरान ने अमेरिका और इजराइल पर ‘नकली ड्रोन’ के जरिए साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है। ईरानी सेना का दावा है कि अमेरिका उनके ड्रोन की नकल कर पड़ोसी देशों पर हमले कर रहा है ताकि सारा दोष ईरान पर मढ़ा जा सके। इसी बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपने सहयोगियों से इस जंग में खुलकर कूदने और युद्धपोत भेजने की अपील की है।
नकली ड्रोन से पड़ोसी देशों को भड़काने की साजिश
ईरान के खातम अल-अंबिया ऑफिस ने अमेरिका और इजराइल पर सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। ईरानी सेना के अनुसार, तेहरान को फंसाने के लिए ‘लुकास’ नामक ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है, जो ईरान के मशहूर ‘शाहिद’ ड्रोन की हूबहू नकल है। सेना का कहना है कि इन नकली ड्रोन्स के जरिए हाल के दिनों में तुर्की, कुवैत और इराक जैसे मित्र देशों पर भीषण हमले किए गए हैं। ईरान ने आईआरआईबी (IRIB) ब्रॉडकास्ट के जरिए स्पष्ट किया कि इन हमलों का मकसद तेहरान और उसके पड़ोसियों के बीच असंतोष और फूट पैदा करना है।
ईरान की डिफेंसिव रणनीति को कमजोर करने का प्रयास
ईरानी सेना ने कहा कि इस साजिश का असली मकसद उनकी कानूनी और वैध सुरक्षा कार्रवाइयों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बदनाम करना है। कमांड ने कड़े शब्दों में दोहराया कि ईरान केवल अमेरिका और इजराइल के सैन्य केंद्रों और उनके हितों को ही निशाना बनाता है। बयान में यह भी कहा गया कि ईरान जिस भी जगह पर हमला करता है, उसकी जिम्मेदारी आधिकारिक घोषणा के जरिए लेता है। तेहरान ने साफ किया कि वह अपने पड़ोसी और मित्र देशों के खिलाफ कभी भी आक्रामक कार्रवाई नहीं करता है।
ट्रंप की ‘वॉटर वॉर’ की तैयारी और सहयोगियों को बुलावा
दूसरी तरफ, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस संघर्ष को और तेज करने के संकेत दिए हैं। उन्होंने शनिवार को दुनिया भर के सहयोगियों से अपील की कि वे स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खुला रखने के लिए एकजुट हों। ट्रंप ने दावा किया कि कई देश पहले ही होर्मुज जलडमरूमध्य में अपने युद्धपोत (War Ships) भेज रहे हैं। हालांकि, उन्होंने किसी खास देश के नाम का खुलासा नहीं किया है। मिडिल ईस्ट में अमेरिका की यह रणनीति ईरान की आर्थिक घेराबंदी करने और उसे क्षेत्रीय स्तर पर अलग-थलग करने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

