Tamil Nadu News: तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान होने से पहले गृह मंत्रालय ने सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा कदम उठाया है। राज्य को केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की 50 कंपनियां आवंटित की गई हैं। चुनाव आयोग ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है और पहला बैच 10 मार्च को तमिलनाडु पहुंच जाएगा।
विधानसभा क्षेत्रों में तैनात होंगी CAPF कंपनियां
मुख्य चुनाव अधिकारीअर्चना पटनायक ने बताया कि गृह मंत्रालय की ओर से जल्द ही CAPF की 50 कंपनियां रवाना की जाएंगी। इन कंपनियों को राज्य के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि मार्च के महीने में या चुनाव की घोषणा से पहले CAPF की और कंपनियां राज्य को भेजी जाएंगी। बता दें कि तमिलनाडु और पुडुचेरी में अप्रैल 2026 में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है।
25 फरवरी से तमिलनाडु और पुडुचेरी का दौरा करेंगे CEC
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार केनेतृत्व में आयोग का एक दल चुनावी तैयारियों का जायजा लेने के लिए 25 से 27 फरवरी तक तमिलनाडु और पुडुचेरी का दौरा करेगा। इससे पहले आयोग के अधिकारी असम में भी तैयारियों का आकलन कर चुके हैं। ज्ञानेश कुमार ने कहा था कि बिहू त्योहार को ध्यान में रखते हुए असम के चुनाव कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जाएगा।
इन राज्यों में समाप्त हो रहा है विधानसभा का कार्यकाल
चुनाव कार्यक्रम कीघोषणा से पहले निर्वाचन आयोग का संबंधित राज्यों का दौरा करना आम प्रक्रिया है। पुडुचेरी विधानसभा का कार्यकाल 15 जून को समाप्त हो रहा है। वहीं असम का कार्यकाल 20 मई, केरल का 23 मई, तमिलनाडु का 10 मई और पश्चिम बंगाल का कार्यकाल सात मई को खत्म हो रहा है। पिछले चुनाव में पश्चिम बंगाल में आठ चरणों में मतदान हुए थे, जो अब तक के सबसे अधिक चरण हैं। असम में दो चरणों और तमिलनाडु, केरल व पुडुचेरी में एक चरण में चुनाव हुए थे। पश्चिम बंगाल की अंतिम मतदाता सूची 28 फरवरी को जारी की जाएगी।
