Uttar Pradesh News: कुशीनगर जिले के कसया कस्बे में पुलिस ने एक बड़े सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने फोरलेन के किनारे किराए के मकान में चल रहे जिस्मफरोशी के अड्डे पर अचानक छापा मारा। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से सात युवकों और दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने घटनास्थल से नगदी, गाड़ियां और कई आपत्तिजनक वस्तुएं भी बरामद की हैं। पकड़े गए सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
दोपहर में पुलिस ने की घेराबंदी
कुशीनगर के पुलिस अधीक्षक केशव कुमार अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चला रहे हैं। इसी क्रम में कसया पुलिस को मुखबिर से गुप्त सूचना मिली थी। सूचना थी कि फोरलेन स्थित एक भोजनालय के पीछे किराए के मकान में अनैतिक गतिविधियां चल रही हैं। इस सूचना पर सीओ कुंदन कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शनिवार दोपहर मकान की घेराबंदी कर दी। पुलिस के अचानक पहुंचने से वहां हड़कंप मच गया।
मौके से मिलीं डायरी और क्यूआर स्कैनर
पुलिस ने छापेमारी के दौरान कमरे की तलाशी ली। टीम को वहां से 9 एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 580 रुपये नकद मिले हैं। पुलिस ने मौके से एक बोलेरो गाड़ी और एक बाइक भी जब्त की है। जांच में पुलिस के हाथ दो क्यूआर स्कैनर मशीन, एक पासबुक और चेक बुक लगी है। इसके अलावा दो डायरी भी बरामद हुई हैं। इन डायरियों में ग्राहकों का डेली हिसाब-किताब लिखा जाता था। पुलिस ने वहां से कई अन्य आपत्तिजनक चीजें भी जब्त की हैं।
संचालक समेत 9 लोग गिरफ्तार
पुलिस की जांच में सामने आया है कि इस धंधे को अभिषेक सिंह चला रहा था। वह कसया थाना क्षेत्र के गोपालगढ़ का निवासी है। पुलिस ने अभिषेक के साथ पुनीत चतुर्वेदी, संतोष कुमार, राजू यादव, मिनहाज, कृष्ण कुमार और सुमित कुमार यादव को गिरफ्तार किया है। ये सभी आरोपी कुशीनगर और देवरिया जिले के अलग-अलग गांवों के रहने वाले हैं। इनके साथ दो महिलाएं भी इस अनैतिक कार्य में लिप्त पाई गईं।
पुलिस ने सभी 9 आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम 1956 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने सभी को जेल भेज दिया है। इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाध्यक्ष अभिनव मिश्रा, दरोगा वरूनेण उपाध्याय, प्रियंका तिवारी समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

