World News: इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच जंग 19वें दिन में प्रवेश कर गई है। दोनों तरफ से जोरदार हमले जारी हैं, लेकिन फिलहाल ईरान को बड़ा झटका लगा है। अली लारीजानी के बाद अब इजरायल ने ईरान के खुफिया मंत्री इस्माइल खातिब को भी मार गिराने का दावा किया है। एपी की रिपोर्ट के मुताबिक, यह दावा इजरायल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने किया है।
एक के बाद एक गिर रहे ईरान के शीर्ष अधिकारी
इससेपहले इजरायली हमलों में ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव अली लारीजानी और रिवोल्यूशनरी गार्ड्स की ‘बसीज फोर्स’ के प्रमुख गुलाम रजा सुलेमानी मारे जा चुके हैं। अपने शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों की मौत के बाद ईरान ने पलटवार करते हुए इजरायल और खाड़ी देशों पर मिसाइल और ड्रोन से हमले तेज कर दिए हैं।
28 फरवरी से शुरू हुआ था संघर्ष
यह युद्ध 28 फरवरी2026 को उस समय शुरू हुआ जब अमेरिका और इजरायल ने संयुक्त रूप से ईरान पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए। पहले ही हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई सहित कई वरिष्ठ सैन्य और सुरक्षा अधिकारी मारे गए थे। अमेरिका और इजरायल का मुख्य उद्देश्य ईरान के परमाणु कार्यक्रम को नष्ट करना, उसकी बैलिस्टिक मिसाइल क्षमता खत्म करना और शासन को कमजोर करना बताया जा रहा है। फिलहाल दोनों तरफ से हमले लगातार जारी हैं।


