Prayagraj News: विकासखंड फूलपुर के सभी परिषदीय विद्यालयों में वार्षिक परीक्षाएं आज 16 मार्च से शुरू हो रही हैं। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। फूलपुर के 69 प्राथमिक विद्यालय, 25 कंपोजिट विद्यालय, 15 उच्च प्राथमिक विद्यालय और एक कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में यह परीक्षा आयोजित की जाएगी।
दो पालियों में होंगी परीक्षाएं
विकासखंड केसभी परिषदीय विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक के कुल 12,684 छात्र-छात्राएं इस वार्षिक परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 12:30 से 2:30 बजे तक चलेगी। परीक्षा परिणाम 30 मार्च को घोषित किए जाने का लक्ष्य रखा गया है।
कक्षा के अनुसार अलग परीक्षा पैटर्न
घोषित परीक्षाकार्यक्रम के अनुसार, कक्षा 1 की परीक्षा पूरी तरह से मौखिक होगी। कक्षा 2 और 3 के लिए 50% लिखित और 50% मौखिक परीक्षा होगी। कक्षा 4 और 5 में 70% लिखित और 30% मौखिक परीक्षा आयोजित की जाएगी। कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए सभी विषयों की 50 अंकों की लिखित परीक्षा होगी।
परीक्षा कार्यक्रम में संशोधन
17 मार्च कोहोने वाली परीक्षा में संशोधन किया गया है। कक्षा 5 की गणित और सामाजिक विज्ञान तथा कक्षा 8 की गणित और विज्ञान की परीक्षा अब 24 मार्च को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। 16 मार्च को कक्षा 1 से 5 तक के सभी विषयों की मौखिक परीक्षाएं होंगी, जबकि कक्षा 6 से 8 के लिए बेसिक क्राफ्ट, कृषि तथा खेल एवं शारीरिक शिक्षा की परीक्षा होगी।
फूलपुर के स्टीयरिंग कमेटी के सदस्य शशिकांत मिश्र ने बताया कि परीक्षा के बाद उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य शुरू होगा और समय पर परिणाम घोषित किए जाएंगे।


