Patna News: मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग, बिहार सरकार और भारतीय स्टेट बैंक के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में पटना मैराथन 2026 का सफल आयोजन किया गया। “नशामुक्त बिहार के लिए दौड़” विषय पर आयोजित इस मैराथन में लगभग 10,000 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
सुबह 3:30 बजे हुई शुरुआत
कार्यक्रम कीशुरुआत एक ऊर्जावान जुम्बा सत्र से हुई। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार, अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी पी. वी. सिंधु, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, सचिव अजय यादव, आयुक्त अंशुल अग्रवाल, एसबीआई के मुख्य महाप्रबंधक अनुराग जोशी सहित कई गणमान्य अतिथियों ने मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मैराथन सुबह 3:30 बजे गांधी मैदान के द्वार संख्या-01 से शुरू हुई। निर्धारित मार्ग जेपी गंगा पथ और अटल पथ तक था, जहां से यू-टर्न लेकर धावक वापस गांधी मैदान पहुंचे।
चिकित्सा व्यवस्था पर विशेष ध्यान
प्रशासन नेसुरक्षा और चिकित्सा के पुख्ता इंतजाम किए थे। पूरे मार्ग पर दंडाधिकारी और पुलिस बल तैनात किए गए थे। 10.5 किलोमीटर के बिंदु पर एंबुलेंस और चिकित्सक तैनात रहे, जबकि पूरे मार्ग पर दो एंबुलेंस लगातार गतिमान रहीं। पीएमसीएच, एनएमसीएच, इंदिरा गांधी हृदय रोग संस्थान और इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान में आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं तैयार रखी गई थीं।
विजेताओं की सूची
पूर्ण मैराथन(42.2 किमी) के पुरुष वर्ग में इथियोपिया के सादेम देसे हुसेन ने 2 घंटे 22 मिनट के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया। इथियोपिया के तेबेझे किनेटो वाशे दूसरे और केन्या के इसैया न्दुंगु गिचोही तीसरे स्थान पर रहे।
अर्ध मैराथन (21.2 किमी) के पुरुष वर्ग में मुकेश भंभू पहले, नफसेना एजेटा दूसरे और जॉन मुइंडे तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में तामसी सिंह ने पहला, आकांक्षा सिंह ने दूसरा और अबेरु गेमेचु ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
10 किलोमीटर दौड़ के पुरुष वर्ग में पंकज यादव ने पहला, उत्तम कुमार ने दूसरा और संदीप यादव ने तीसरा स्थान हासिल किया। महिला वर्ग में याशी सचान पहले, स्नेहा सिंह दूसरे और शिवानी कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं।


