पूजा के लिए जल लेने गया था इकलौता चिराग, कुएं में पैर फिसलते ही बुझ गई घर की खुशियां!

Himachal News: कांगड़ा जिले के थुरल उपमंडल में एक बेहद दुखद हादसा हुआ है। डूहक पंचायत के गांव डूहक कलां में शनिवार सुबह पूजा के लिए कुएं से पानी भरने गए 25 वर्षीय अक्षय जम्वाल की डूबने से मौत हो गई। अक्षय सुबह करीब साढ़े सात बजे घर के पास स्थित कुएं पर जल लेने गया था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में समा गया। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

चप्पलों ने दिया अनहोनी का संकेत

जब अक्षय काफी देर तक घर नहीं लौटा, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। खोजबीन के दौरान परिजनों ने कुएं के पानी में अक्षय की चप्पलें तैरती देखीं। शोर मचने पर गांव के दो साहसी युवकों, अंकू और विवेक ने जान जोखिम में डालकर कुएं में छलांग लगाई। उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद अक्षय को बाहर निकाला और तुरंत थुरल अस्पताल ले गए। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि तैरना न आने के कारण युवक खुद को बचा नहीं सका।

गरीब परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतक अक्षय जम्वाल के पिता गन्धर्व सिंह जम्वाल का परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर है। घर के जवान बेटे की अचानक मौत से परिवार की उम्मीदें टूट गई हैं। ग्राम पंचायत प्रधान अंचनी देवी ने बताया कि परिवार की हालत दयनीय है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन और सरकार से मांग की है कि इस पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द उचित आर्थिक सहायता मुहैया कराई जाए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है।

Hot this week

Related Articles

Popular Categories