Himachal News: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की वार्षिक परीक्षाओं में नकलचियों पर शिकंजा कस गया है। सोलन जिले के परवाणू पब्लिक स्कूल में शनिवार को दसवीं कक्षा के विज्ञान (Science) विषय की परीक्षा के दौरान दो छात्र नकल करते पकड़े गए। शिक्षा विभाग की विशेष टीम ने इन छात्रों को रंगे हाथों धर दबोचा। इसके बाद प्रशासन ने दोनों के खिलाफ ‘अनफेयर मीन्स’ (UFM) का मामला दर्ज कर कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग की इस मुस्तैदी से अन्य केंद्रों पर भी हड़कंप मच गया है।
निरीक्षण टीम ने रंगे हाथों पकड़ी नकल
प्रारंभिक शिक्षा विभाग के अधिकारी राजकुमार पराशर के नेतृत्व में एक टीम ने परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने पाया कि दो छात्र पर्चियों की मदद से विज्ञान का पेपर हल कर रहे थे। पकड़े गए छात्रों में से एक स्टेट ओपन स्कूल का है, जबकि दूसरा छात्र इसी स्कूल का नियमित विद्यार्थी बताया जा रहा है। टीम में शामिल लेक्चरर सनिक, टीजीटी तेजिंदर और ड्राइंग मास्टर जय कृष्ण ने तुरंत साक्ष्य जुटाकर रिपोर्ट तैयार की। अब यह पूरी रिपोर्ट आगामी निर्णय के लिए शिक्षा बोर्ड को भेजी जाएगी।
नकल पर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति लागू
प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक सोलन, रीता गुप्ता ने मामले की पुष्टि करते हुए सख्त संदेश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षाओं की शुचिता बनाए रखने के लिए सरकार और विभाग ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रहे हैं। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी और फ्लाइंग स्क्वाड के जरिए विशेष निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि कोई भी छात्र अनुचित साधनों का प्रयोग करता है, तो उसका साल खराब हो सकता है। फिलहाल पकड़े गए दोनों छात्रों का भविष्य अब बोर्ड की अंतिम कार्रवाई पर टिका है।

