Morocco Earthquake News: मोरक्को (Morocco) में आए विनाशकारी भूकंप (Earthquake) के चलते अब हालात और भी बदतर होते जा रहे हैं। यहां मरने वालों की संख्या एक हजार के पार कर गई है।
इसके साथ ही घायलों की संख्या भी 1200 से अधिक हो गई है। भूकंप की वजह से ऐतिहासिक मराकेश शहर से लेकर एटलस पर्वत पर स्थित गांवों तक कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं।
गौरतलब है कि शुक्रवार देर रात मोरक्को के हाई एटलस पहाड़ों में 7.2 तीव्रता का भूकंप आया, जिसके चलते कई बिल्डिंग और घर जमींदोज हो गए। मलबे में दबकर कई लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए हैं। सरकारी टेलीविजन ने आंतरिक मंत्रालय के हवाले से बताया कि मोरक्को में आए शक्तिशाली भूकंप से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,037 हो गई है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है क्योंकि बचाव कर्मी दूरदराज के प्रभावित इलाकों तक पहुंचने के लिए मशक्कत कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई देशों के नेताओं ने मोरक्को को मदद की पेशकश की है। जी20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहे PM मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में कहा, “मोरक्को में भूकंप के कारण लोगों की मौत से अत्यधिक दुखी हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं मोरक्को के लोगों के साथ हैं। अपने प्रियजन को खोने वाले लोगों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। भारत इस मुश्किल वक्त में मोरक्को को हर संभव सहायता देने के लिए तैयार है।”
सरकारी टेलीविजन पर प्रसारित फुटेज के दिख रहा है कि लोग देर रात मराकेश शहर की सड़कों पर हैं और इमारतों के अंदर वापस जाने से डर रहे हैं। एक व्यक्ति ने बताया कि वह पास के एक अपार्टमेंट में जा रहा था, तभी बर्तन और दीवार पर लटकी चीजें गिरने लगीं। एक महिला ने बताया कि ‘तीव्र कंपन’ महसूस करने के बाद वह अपने घर से बाहर निकल आई। एक बच्चे को गोद में लिए हुए एक व्यक्ति ने कहा कि वह भूकंप के झटके के कारण जाग गया। पीले रंग के जैकेट पहने आपात सेवा कर्मी इमारतों के मलबे में दबे जीवित लोगों की तलाश कर रहे थे।
मोरक्को की मीडिया ने बताया कि मराकेश शहर के सबसे प्रसिद्ध स्थलों में से शामिल 12वीं सदी की कुतुबिया मस्जिद को नुकसान पहुंचा है, लेकिन यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है कि क्षति कितनी हुई है। इसकी 69-मीटर (226-फुट) मीनार को ‘मराकेश की छत’ के रूप में जाना जाता है।
मोरक्को वासियों ने सोशल मीडिया पर कई वीडियो साझा किए हैं, जिनमें इमारतें ढहकर मलबे में तब्दील हुई दिख रही हैं और चारों तरफ धूल नजर आ रही है। मराकेश के चारों ओर बनी प्रसिद्ध लाल दीवारों के कुछ हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। मराकेश यूनेस्को (संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक संगठन) के विश्व धरोहर स्थलों की सूची में शामिल है।
मोरक्को के गृह मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि कम से कम 820 लोगों की मौत हुई है और इनमें से ज्यादातर मराकेश और भूकंप के केंद्र के पास के पांच प्रांतों से हैं। मंत्रालय के मुताबिक, 672 अन्य घायल हैं, जिनमें 205 की हालत गंभीर हैं। भूकंप के केंद्र के पास स्थित एक शहर के प्रमुख ने मोरक्को की समाचार साइट ‘2एम’ को बताया कि निकटवर्ती शहरों के कई मकान आंशिक रूप से या पूरी तरह ढह गए हैं, कुछ स्थानों पर बिजली आपूर्ति ठप हो गई है और सड़क मार्ग अवरूद्ध हो गए हैं।
तलत एन याकूब शहर के प्रमुख अब्दर्रहीम ऐत दाउद ने बताया कि प्राधिकारी प्रांत में सड़कों को साफ कर रहे हैं, ताकि एम्बुलेंस वहां से गुजर सके और प्रभावित आबादी को सहायता मुहैया कराई जा सके। उन्होंने कहा कि पर्वत पर स्थित गांवों के बीच अत्यधिक दूरी होने के कारण नुकसान का आकलन करने में समय लगेगा।
स्थानीय मीडिया ने बताया कि भूकंप के केंद्र के आसपास के पर्वतीय क्षेत्र की ओर जाने वाले सड़क मार्ग अवरूद्ध हो जाने के कारण बचाव अभियान धीमा है। मोरक्को की सेना और आपात सेवा के कर्मी नुकसान से प्रभावित क्षेत्रों में सहायता की कोशिश कर रही हैं, लेकिन भूकंप के केंद्र के आसपास के पर्वतीय क्षेत्र की ओर जाने वाली सड़कें वाहनों और चट्टानों के मलबे से अवरुद्ध हो गईं, जिससे बचाव अभियान धीमा है।